बसना:खाना-पीना के विवाद में बड़े भाई ने मां और छोटे भाई से की मारपीट

बसना/भंवरपुर। महासमुंद जिले के भंवरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उडेला में पारिवारिक विवाद के दौरान बड़े भाई द्वारा अपनी मां और छोटे भाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उडेला निवासी गणेश कुमार खुंटे (32 वर्ष) ने भंवरपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 28 जून 2026 की रात्रि करीब 8 बजे उसके बड़े भाई सेतकुमार खुंटे (47 वर्ष) ने खाना-पीना संबंधी विवाद को लेकर घर के सामने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे डंडे से गणेश कुमार के सिर एवं बाएं हाथ पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां मंगली बाई खुंटे के चेहरे के पास भी डंडे से चोट पहुंचाई, जिससे उन्हें रक्तस्राव हुआ।
घटना के दौरान सुलोचना बंजारे एवं बंसती रात्रे ने बीच-बचाव किया। पारिवारिक स्तर पर समझौते के प्रयास के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भंवरपुर चौकी पुलिस ने आरोपी सेतकुमार खुंटे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।
































