सरायपाली:विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव केजुवां में धूमधाम से संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

सरायपाली। विकासखंड सरायपाली के स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केजुवां में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रूप कुमारी चौधरी तथा अध्यक्षता चातुरी नंद ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के तिलक, पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ। सेंट विसेंट पैलोटी स्कूल कुटेला की गाइड विंग द्वारा कलर पार्टी, पीएमश्री प्राथमिक शाला झिलमिला के घोष दल तथा पंडापारा के बाल कीर्तन मंडली ने आकर्षक प्रस्तुति देते हुए अतिथियों का स्वागत किया। मां सरस्वती, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई। शिक्षक डींगरदास वैष्णव, शैलेन्द्र नायक एवं सोमदेव तिवारी के नेतृत्व में श्लोक वंदना और राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि सरायपाली विकासखंड में कुल 441 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 367 शासकीय विद्यालय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा पांचवीं एवं आठवीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत, हाई स्कूल का 90 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी का परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत रहा। साथ ही सरायपाली के विद्यार्थियों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में भी स्थान प्राप्त कर विकासखंड का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं जैसे निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश, मध्यान्ह भोजन, सरस्वती साइकिल योजना, मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना, पीएम श्री स्कूल योजना, अपार आईडी एवं महतारी दुलारी योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। अतिथियों द्वारा कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पहार, मिठाई एवं पुस्तकों के साथ भव्य स्वागत किया गया। वहीं कक्षा नवमीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों, नवोदय, सैनिक स्कूल, प्रयास एवं एकलव्य विद्यालय परीक्षाओं में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों तथा मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण से सम्मानित प्राचार्य सी.एल. पुहूप का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानसेतु पीएलसी समूह के नवाचारी शिक्षकों द्वारा लगाए गए शैक्षणिक स्टॉलों का अतिथियों ने अवलोकन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय प्राथमिक शाला मुंधा, पीएम श्री झिलमिला, स्वामी विवेकानंद उमावि केजुवां, पंडापारा एवं रिमजी के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में सांसद रूप कुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित शिक्षा प्रदान करने, सनातन संस्कृति एवं गुरु परंपरा के महत्व को समझने तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाने पर बल दिया। विधायक चातुरी नंद ने छत्तीसगढ़ी भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं सपनों को उड़ान देने का माध्यम है। राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता शैलेन्द्र कुमार नायक ने किया तथा आभार प्रदर्शन बीआरसी देवानंद नायक ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।































