बसना:दारू पिलाने से मना करने पर युवक से मारपीट, सिर पर चोट पहुंचाई

बसना। ग्राम गढ़फुलझर में शराब पीने से मना करने पर एक मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़फुलझर निवासी एक मजदूर ने पुलिस को बताया कि वह 24 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे गांव के रामदयाल के घर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का निवासी भक्त प्रहलाद पिता शशी बाघ वहां पहुंचा और उसे शराब पीने के लिए कहने लगा। पीड़ित द्वारा मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में पहने चूड़े से पीड़ित के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद पीड़ित को दर्द की शिकायत हुई। मौके पर मौजूद ग्रामीण रामदयाल और सागर गुरुजी ने घटना को देखा और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































