सिंघोड़ा:125 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे गए

सिंघोड़ा। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 125.700 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पिकअप वाहन एवं अन्य सामान सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल चौक के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP-70-LT-0860 को रोककर जांच की।
वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाले में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 125.700 किलोग्राम नमीयुक्त गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने वाहन चालक धीरेन्द्र कुमार गौतम (42 वर्ष) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा लवकुश गौतम (22 वर्ष) निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक पिकअप वाहन, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत पंचनामा, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के साथ संपन्न की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से रायपुर ले जाना स्वीकार किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
































