सरायपाली:शादी की बात करने पहुंची युवती से मारपीट, प्रेमी समेत चार लोगों पर मामला दर्ज

सरायपाली। महलपारा क्षेत्र में शादी की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता रीता श्रीवास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह पिछले करीब 8 वर्षों से महलपारा निवासी सूरज यादव के साथ रिलेशनशिप में थी।
शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 को वह शादी की बात करने सूरज यादव के घर पहुंची थी। सुबह करीब 10 बजे दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान सूरज यादव, उसकी मां दिवाली यादव, बनीता यादव तथा एक अन्य महिला ने कथित रूप से उसे गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट में रीता श्रीवास के चेहरे, गाल और पीठ पर खरोंचें आईं तथा उसे दर्द की शिकायत हुई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































