सरायपाली :प्राचार्य के सूने घर में सेंध, नकदी-जेवर चोरी

सरायपाली । जवाहर नवोदय विद्यालय छिंदपाली परिसर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। प्रभारी प्राचार्य लोकनाथ कैवर्त के स्टाफ क्वार्टर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकनाथ कैवर्त 18 मई की शाम से शासकीय कार्य से बाहर गए हुए थे। 29 मई की सुबह करीब 9:30 बजे जब वे अपने निवास लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर कमरे का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
प्राथमिक जांच में लगभग 40 हजार रुपये नकद और बच्चों के करीब 10 हजार रुपये मूल्य के छोटे-मोटे सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए)-BNS एवं 331(4)-BNS के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
































