महासमुंद : शराब के नशे में युवक ने पत्थर और चाकू से किया जानलेवा हमला, तीन घायल

महासमुंद । बिरकोनी वार्ड नंबर 12 में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भोजराम साहू ने पुलिस को बताया कि 28 मई की शाम वह अपने साथी भोलाराम निषाद के साथ मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पीछे गांव का कुबेर निर्मलकर शराब पीते मिला।
बताया गया कि वहां पहुंचते ही कुबेर निर्मलकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पास में पड़े पत्थर से भोजराम साहू और भोलाराम निषाद पर हमला कर दिया, जिससे दोनों को सिर में चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर तेजराम निषाद और नोखेलाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पूछताछ के दौरान कुबेर निर्मलकर ने हत्या की नीयत से चाकू निकालकर तेजराम निषाद के पेट, पीठ और हाथ पर कई वार कर दिए। घायल तेजराम को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी कुबेर निर्मलकर के खिलाफ 109-BNS, 115(2)-BNS, 296-BNS और 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































