महासमुंद:दोस्ती बनी मौत की वजह, हत्या कर शव को टापू में छिपाया

महासमुंद । पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने ही दोस्त की चलती कार में पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए महानदी किनारे टापू में गड्ढा खोदकर दफना दिया। मामले का खुलासा गुमशुदगी की जांच के दौरान हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक भुनेश्वर यादव (38), निवासी इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद रायपुर, 22 मई की रात घर नहीं लौटे थे। उनकी पत्नी ने 28 मई को थाना मंदिर हसौद में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पत्नी ने बताया कि आखिरी बार फोन पर पति के साथ उनके मित्रों नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे की आवाज सुनाई दी थी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों से पूछताछ की। मोबाइल लोकेशन और मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में नांदगांव स्थित महानदी किनारे टापू से शव का उत्खनन कर बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि 22 मई की रात सभी दोस्त नोहर रात्रे की ब्रेजा कार से शराब पीते हुए नांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में पानी की समस्या को लेकर मृतक और नोहर रात्रे के बीच विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर कार के भीतर भुनेश्वर यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी घबरा गए और नोहर रात्रे ने अपने रिश्तेदार श्रवणदास जांगड़े को पूरी घटना बताई। इसके बाद सभी ने मिलकर शव को महानदी किनारे टापू में दफना दिया।
पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त Maruti Suzuki Brezza कार और चार मोबाइल फोन जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
• नोहर दास रात्रे (35)
• अमित सिंह राजपूत (37)
• हेमचंद बंजारे (36)
• श्रवणदास जांगड़े (45)
महासमुंद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






























