बसना

सुशासन तिहार में बसना प्रशासन की अनोखी पहल, 23 अधिकारियों ने बस से किया सफर

महासमुंद जिले के बसना अनुविभाग में आज सुशासन तिहार के दौरान एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार श्री के.के. साहू तथा जनपद पंचायत सीईओ श्री पीयूष ठाकुर सहित 23 सदस्यीय अधिकारी-कर्मचारियों की टीम सामूहिक रूप से बस में सफर कर ग्राम नगौड़ी पहुँची।
यह पहल केवल यात्रा तक सीमित नहीं रही, बल्कि ईंधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और शासकीय कार्यों में मितव्ययिता का सशक्त संदेश बनकर उभरी। प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और जिम्मेदार व्यवहार की अपील को व्यवहार में उतारते हुए बसना प्रशासन ने यह कदम उठाया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने हाल ही में आयोजित समय-सीमा बैठक में सभी विभागों को अनावश्यक व्यय कम करने और मितव्ययिता अपनाने के निर्देश दिए थे। इसी के पालन में बसना अनुविभाग की टीम ने सामूहिक बस यात्रा को प्राथमिकता दी।
अनुविभागीय अधिकारी श्री हरिशंकर पैकरा ने कहा कि प्रशासन का दायित्व केवल शासन के निर्देशों का पालन करना ही नहीं, बल्कि समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने बताया कि सामूहिक यात्रा से ईंधन की बचत के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय तथा टीम भावना भी मजबूत होती है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस यात्रा को उपयोगी और सुखद अनुभव बताते हुए भविष्य में भी सुशासन तिहार एवं अन्य शासकीय कार्यक्रमों में सामूहिक बस यात्रा को बढ़ावा देने की बात कही।
वर्तमान ईंधन संकट और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच बसना प्रशासन की यह पहल एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आई है।
आमजन से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से भी अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने, कार पूलिंग और सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!