शासकीय आदर्श प्राथमिक शाला महालपारा में आयोजित हुआ भव्य न्यौता भोज, प्रथम जन्मदिवस पर बच्चों संग बांटी खुशियां

काकाखबरीलाल@सरायपाली। सरायपाली क्षेत्र के शासकीय आदर्श प्राथमिक शाला महालपारा में एक प्रेरणादायक एवं हृदयस्पर्शी आयोजन संपन्न हुआ। शासकीय प्राथमिक शाला बस्ती सरायपाली में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री राजेश प्रधान एवं केंद्रीय विद्यालय सरायपाली में पदस्थ शिक्षिका तथा महालपारा की पूर्व शिक्षिका श्रीमती मल्लिका प्रधान द्वारा अपनी सुपुत्री तूषिका प्रधान के प्रथम जन्मदिवस के पावन अवसर पर विद्यालय में न्यौता भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और आनंद का वातावरण देखने को मिला। बच्चों के बीच इस खास दिन को मनाते हुए उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी की झलक साफ दिखाई दी। यह आयोजन केवल एक पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकार और बच्चों के प्रति प्रेम का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में शाला की केंद्राध्यक्ष श्रीमती संध्या पटेल, शिक्षक श्री द्वारका प्रसाद चौहान सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं रसोइया कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी जीवंत एवं सफल बना दिया।
उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों को आनंदित करते हैं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता एवं अपनत्व की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
यह आयोजन इस बात का सुंदर उदाहरण है कि व्यक्तिगत खुशियों को समाज के साथ साझा करने से वह और भी सार्थक एवं यादगार बन जाती हैं।




























