पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम: अमर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया नमन

काकाखबरीलाल@सरायपाली। शासकीय आदर्श उ.मा.वि.सरायपाली एवं सेजेस सरायपाली में संयुक्त रूप से शाला परिसर में 21 अक्टूबर 2025 को पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य जे.पी.पटेल, सेजेस प्राचार्य प्रदीप नारायण सेठ, व्याख्याता रविंद्र कुमार पटेल,आनंद कुमार भोई,हरिशंकर त्रिपाठी,तिलोत्तमा बारीक, एनसीसी फर्स्ट ऑफिसर जे.एल.पटेल एवं स्कूली छात्र- छात्राओं,पुलिस स्टॉफ, एनसीसी कैडेट्स आदि की सक्रिय उपस्थिति रही जिन्होंने देश के लिए अपनी शहादत देने वाले पुलिस जवानों को स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी।

शासकीय आदर्श उ.मा.वि. सरायपाली विद्यालय के भूतपूर्व छात्र रहे अमर शहीद आरक्षक ललित बुड़ेक,ग्राम पतेरापाली एवं शहीद प्रधान आरक्षक देवराज सूरजाल,ग्राम बैतारी दोनों शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्राचार्य जे.पी.पटेल ने इस अवसर पर दोनों शहीदों के शौर्य/गौरव गाथा से उपस्थितों को अवगत कराया और पुलिस स्मृति दिवस के सन्दर्भ में ख़ास जानकारी दी।
सेजेस प्राचार्य प्रदीप नारायण सेठ ने कहा कि आज का दिवस देश में सुरक्षा,शांति,सौहार्द्र स्थापित करने एवं मातृभूमि की सेवा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों (पुलिस जवानों) का पुण्य स्मरण करने,उनके सम्मान में यह दिवस ख़ास है।

इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की स्मृति को सम्मान दिया गया।
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास भी बहुत खास है,हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन का ऐतिहासिक महत्व है। वर्ष 1959 में लद्दाख में भारत तिब्बत सीमा पर 16 हजार फीट की ऊंचाई पर गश्त कर रहे सीआरपीएफ के 10 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत को याद करने के लिए केंद्र सरकार ने 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। तब से यह परंपरा निरंतर जारी है।
शहीदों की वीरता और सेवाभाव को याद किया गया,उनकी शहादत हमें कर्तव्य और बलिदान की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर शहीदों के परिवारों के प्रति भी सभी ने अपनी संवेदना और सम्मान व्यक्त किया।

























