सरायपाली :पुलिस ने साढ़े 9 लाख रुपए का अवैध पटाखा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया

रेहटीखोल के पास बुधवार को पटाखे से भरी एक गाड़ी को सिंघोड़ा पुलिस व साइबर सेल की टीम ने पकड़ा। पुलिस ने वाहन से साढ़े 9 लाख रुपए का अवैध पटाखा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
सिंघोड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेहटीखोल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी, तभी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन क्रमांक सीजी 04 एन डब्ल्यू 3826 में पटाखा का अवैध परिवहन हो रहा है। सूचना पर साइबर सेल व सिंघोड़ा पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर रेहटीखोल के पास उक्त वाहन को नाकेबंदी कर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पाया कि पूरा वाहन पटाखों से भरा था, जिसका कोई दस्तावेज वाहन चालकों के पास नहीं था। अवैध रूप से पटाखा का परिवहन कर रहे हरीश कुमार सोनकर (32) निवासी भाटागांव रायपुर और केशवराम सोनकर (32) निवासी मंदिर पारा भाटागांव रायपुर को गिरफ्तार कर वाहन से 49 कार्टूनों में भरा पटाखा कीमती 956160 रुपए को जब्त किया गया। सभी कार्टून को खोलने पर पाया कि विभिन्न प्रकार के पटाखे भरे थे। इसमें 25 कार्टून के अंदर 498 डिब्बा रॉक शो सनसाइन स्काई पटाखा, 24 कार्टून में 20-20 डिब्बा एवं 1 कार्टून में 18 डिब्बा कुल 498 डिब्बा पटाखा कीमती 956160 रुपए, वाहन कीमती 5 लाख व नकदी 11800 रुपए को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1984 की धारा 9बी(1)(ए)(बी), 286 भादवि के तहत कार्रवाई की गई।























