सरायपाली

सरायपाली: राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया

सरायपाली (काकाखबरीलाल).  राष्ट्रीय युवा दिवस – 2024 पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – केना (सरायपाली) में देव संस्कृति विश्व-विद्यालय, शांतिकुंज हरिद्वार से आमंत्रित छात्राओं ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देते हुए प्रेरित किया। छात्राएँ सुश्री प्रियंका यादव, टोली प्रमुख एवं सहयोगी सुश्री दुर्गेश नंदिनी, सुश्री लक्ष्मी साहू, शांतिकुंज हरिद्वार के देव संस्कृति विश्व विद्यालय के सोशल इंटर्नशिप कार्य संपन्न करने हेतु वर्तमान में एक माह के लिए जिला महासमुंद के प्रवास पर हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में इनका आगमन ग्राम केना के विद्यालय में हुआ। ग्राम में दो दिन पूर्व संध्या के समय सुभाष प्रधान (सेवानिवृत्त प्रधान पाठक) एवं ग्रामवासियों के विशेष सहयोग से दीपयज्ञ का आयोजन किया गया।
अतिथि छात्राओं द्वारा तनाव मुक्त जीवन शैली, परीक्षा में उपयोगी समय प्रबंधन, योग एवं प्राणायाम, माता – पिता के साथ संवाद, नशा उन्मूलन और स्वस्थ जीवन, सद्चरित्र और महापुरुषों के कथाओं और पुस्तकों को पढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ दिनचर्या में संयम, सेवाभाव के साथ सामाजिक हित के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। विषय पर व्याख्यानमाला के समय विद्यार्थियों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी किया गया। इंजीनियरिंग डिग्रीधारी अध्ययनशील प्रवृत्ति के युवा देवराज प्रधान ने बच्चों को सारगर्भित एवं संक्षिप्त शब्दों में स्वामी विवेकानंद की जीवनी के साथ उनके मूलमंत्र को बताया कि स्वयं को हर क्षेत्र में बलवान बनाएं ताकि आपका प्रतिरोध करने वाला भी कुछ करने से पहले हार जाए। शारीरिक रूप से स्वस्थ होना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक शैलेन्द्र कुमार नायक, व्याख्याता, केना ने बताया कि भारत के महानतम आध्यात्मिक और सामाजिक प्रेरणास्रोत में से एक स्वामी विवेकानंद के सम्मान में 12 जनवरी को “राष्ट्रीय युवा दिवस” मनाया जाता है। यह दिन युवा दिमागों को प्रेरित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामुदायिक सेवा को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है। राष्ट्रीय युवा दिवस 2024 का विषय है “उठो, जागो और अपने पास मौजूद शक्ति को पहचानो।”
इस आयोजन में अतिथि के रूप में गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली के सक्रिय सदस्य डॉ. दीपक ठेठवार, डॉ. मनोहर की गरिमामय उपस्थिति रही। विद्यालय के व्याख्याता गण प्रीति उबोवेजा, वंदना बड़घैया, चेतना निबरगिया, मंजूषा तिरंगा ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। संस्था प्रमुख मोहित लाल नायक एवं स्टाफ पी. एन. बेहेरा, जी. एस. होता, रुद्रसिंह राय, अनूप मेश्राम, ए. व्ही. एक्का, निर्मल प्रधान, गोविंद कामड़े, शंभु कुशवाहा, सत्यप्रकाश साहू, लिपिक मंगतराम यादव, राकेश डड़सेना, संजीता भोई (अंकाभृ) एवं समस्त विद्यार्थियों के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सफल रहा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी शैलेंद्र नायक ने दी।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!