सरायपाली : नए उपार्जन केंद्र खुलने से 7 गांव के किसानों में खुशी की लहर

सरायपाली. किसानों की आवश्यकता और मांग अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा सरायपाली व तोरेसिंहा शाखा में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 13 थी, जो बढ़कर 26 हो गई। अब दो नए धान खरीदी केंद्र खोलने के आदेश जारी होने के बाद खरीदी केन्द्रों की संख्या बढ़कर अब 28 हो जाएगी। हालांकि, सरायपाली शाखा में 3 गांवों के किसानों द्वारा नए खरीदी केंद्र खोलने की मांग की जा रही थी, लेकिन केवल दो खरीदी केंद्र खोलने की स्वीकृति मिली है।
नए खरीदी केंद्र खुलने से 7 गांव के किसानों को इसका लाभ इसी सत्र से मिलेगा। ग्रामीणों व कृषकों की सुविधा व मांग को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन 2022-23 के लिए नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर अपर सचिव अमितोष जॉन ने विगत 15 नवंबर मंगलवार को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में 48 नए धान खरीदी केंद्र खोलने आदेश जारी किया है। इसमें सरायपाली के नवरंगपुर समिति से बारडोली को नए खरीदी केंद्र खोलने स्वीकृति मिली है। इसी तरह जम्हारी समिति से आंवलाचक्का को नवीन खरीदी केंद्र खोलने आदेश जारी किया गया है। नए धान खरीदी केंद्र खोलवाने केंदुढ़ार के किसान भी दौड़ में थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आंवलाचक्का में नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से जम्हारी समिति के अंतर्गत आने वाले आंवलाचक्का के 242 किसानों, पोटापारा के 134 किसानों, छिर्रापाली के 67 किसानों, बेहेरापाली के 111 किसानों को इसका लाभ मिलेगा। नवीन धान खरीदी केंद्र आंवलाचक्का में खुलने से 554 किसान लाभान्वित होंगे। इनसे 28726 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी और उनका लगभग 15 से 20 किलोमीटर धान खरीदी केंद्र की दूरी भी कम हो जाएगी। नवरंगपुर उपार्जन केंद्र से बाराडोली में नवीन खरीदी केंद्र खुलने से कोकड़ी के 106 किसान, परसकोल के 98, बाराडोली के 260 किसान लाभान्वित होंगे। नवीन धान खरीदी केंद्र बारडोली में 464 किसानों से 25064 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। बारडोली में नवीन खरीदी केंद्र खुलने से परसकोल के किसानों को सबसे अधिक फायदा होगा। उन्हें नवरंगपुर खरीदी केंद्र आने-जाने 20 किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ती थी।
केंद्रों की संख्या बढ़ने से राहत
कांग्रेस शासनकाल में विगत 4 वर्ष की बात करें तो कभी तोरेसिंहा शाखा में केवल 6 खरीदी केंद्र थे, जो 5 नए खरीदी केंद्र गेर्रा, बेलमुंडी, जोगनीपाली, सिरबोड़ा, जंगलबेड़ा खुलने से 11 हो गया। इसी तरह सरायपाली शाखा में सात खरीदी केंद्र थे। इसमें 9 नए खरीदी केंद्र पुटका, मल्दामाल, सिंगबहाल, तिहारीपाली, कनकेबा, बोंदा, नवरंगपुर, अमरकोट, आंवलाचक्का, बाराडोली खुलने से अब संख्या बढ़कर 17 पहुंच गई है। इस तरह विगत 4 साल में सरायपाली और तोरेसिंहा शाखा के 13 उपार्जन केंद्र थे। 15 नए उपार्जन केंद्र खुलने से उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इससे किसानों को फायदा होगा।

























