सरायपाली :चोरी की घटनाएं बढ़ी, लोगों को करना पड़ रहा है रतजगा

शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, इन दिनों चोरी की घटनाएं बहुत अधिक बढ़ गई है। अब तो ऐसा समय आ गया है कि लोगों को रात्रि में अपने ही घर में जागकर पहरा देना पड़ रहा है। वहीं चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर कई कई दिनों तक एफ आई आर भी दर्ज नहीं किया जा रहा है, जिससे पुलिस की सक्रियता पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। विगत दिनों एक शिक्षक के द्वारा शहर में ही उनके घर में हुए चोरी की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसमें लगभग पखवाड़े भर बीत जाने के बाद भी अभी तक एफ आई आर दर्ज नहीं किया गया है। राजेश प्रधान पिता गोपाल प्रधान निवासी वार्ड कं. 13 ब्लॉक कॉलोनी सरायपाली ने बताया कि विगत् 2 नवंबर को उनके मकान से चोरी हो गया था जिसकी सूचना उनके द्वारा पुलिस थाना सरायपाली को 03 नवंबर को दी गई थी। चोरी हुए सामान में लगभग 32,000 (बत्तीस हजार रूपये) नगदी, सोने का दो जोड़ी टाप, एक जोड़ी बाली, एक जोडी फूली, एक अंगूठी कुल वनज लगभग 12.28 ग्राम, चांदी का तीन जोडी पुरानी पायल, एक कर्धन, छः अंगूठी, दो चाबी रिंग और एक चांद कुल वजन लगभग 500 ग्राम, एक फास्ट्रैक का हाथ घड़ी कीमत 1450 रू का था। इसकी सूचना पुलिस थाना में देने के बावजूद आज पर्यन्त तक एफ.आई.आर. दर्ज नहीं हुआ है, जबकि घटना स्थल पर पुलिस द्वारा तहकीकात की जा चुकी है। श्री प्रधान के द्वारा चोरी की सूचना अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को भी दी गई है। बाक्स— आखिर लगभग 15 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक एफ आई आर दर्ज क्यों नहीं हो रही है, इस संबंध में शिक्षक संघ के सदस्य पुलिस अधीक्षक से मिलने के लिए महासमुंद भी जाएंगे। विगत दिनों बानीगिरोला हाई स्कूल में भी कम्प्यूटर सामानों की चोरी हुई थी, लेकिन कार्यवाही नहीं हो रही है। लगातार क्षेत्र में चोरी की बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए शिक्षक संगठन ने भी अति शीघ्र कार्यवाही करने की मांग की है। इस संबंध में सहायक शिक्षक फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि लगातार स्कूलों एवं शिक्षकों के घरों में चोरी हो रही है और प्रशासन व पुलिस प्रशासन मौन है। आखिर सरायपाली थाने में आवेदन पर कार्यवाही क्यों नहीं हो रही है, इसके लिए शिक्षक संगठन के द्वारा पुलिस अधीक्षक से मिलकर उन्हें आवेदन देने की बात कही गई है।

























