सरायपाली : आंगनबाड़ी केंद्र में लगा मीटर हवा में झूल रहा…मंडरा रहा खतरा

सरायपाली. ग्राम केजुवां के आंगनबाड़ी केंद्र-बी में लगा मीटर हवा में झूल रहा है और खतरे को आमंत्रित कर रहा है। आंगनबाड़ी भवन के मुख्य द्वार पर करंट प्रवाहित मीटर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, पालक और छोटे बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। इसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। यह भी जानकारी मिल रही है कि जब से मीटर लगा है, तब से अभी तक भवन में लाइट चालू नहीं है।
जबकि, भवन के अंदर वायरिंग हो चुकी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत केजुवां के आंगनबाड़ी केंद्र-बी में लगभग 10 वर्ष पूर्व विद्युत कनेक्शन दिया गया है। पोल से मीटर तक तो कनेक्शन आया है, लेकिन भवन के अंदर न तो लाइट और न ही पंखा मीटर लगने के बाद से अभी तक चालू हुआ है। आंगनबाड़ी भवन के बाहर लगा मीटर हवा में झूल रहा है, जो एक तरह से खतरे को आमंत्रित कर रहा है। वहीं दूसरी ओर मीटर से अंदर अभी तक लाइट सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। मीटर में खराबी है या अंदर की वायरिंग में यह तो जांच का विषय है, लेकिन वहां के छोटे-छोटे बच्चों को अभी तक पंखे की हवा तक नसीब नहीं हुई है। जबकि, आंगनबाड़ी भवन में पंखा भी लगा है। अभी तक न तो एक बार भी लाइट चालू हुई है और नहीं पंखा चला है। बावजूद प्रतिमाह बिजली बिल बराबर आंगनबाड़ी भवन पहुंच रही है। कनेक्शन लगने के 10 वर्ष बाद भी बिना विद्युत उपयोग किए प्रतिमाह बिजली बिल पहुंचना व बिजली का भुगतान होना कई संदेहों को जन्म दे रहा है। विभाग के अधिकारी आंगनबाड़ी भवन में विद्युत सप्लाई को लेकर गंभीर नहीं है। विद्युत विभाग के अधिकारी शिकायत को अनदेखा कर रहे हैं। आंगनबाड़ी का बिल महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जमा किया जाता है, लेकिन बिना बिजली उपयोग किए बिजली बिल जमा करना कहां तक उचित है। बिजली विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास के नाम पर बीपी नंबर 1006476137 का अगस्त माह का 630 रुपए का बिजली बिल थमाया गया है। लाइट के अभाव में आंगनबाड़ी भवन में लगा पंखा व बल्ब केवल शो-पीस बनकर रह गया है। लाभ वहां पर केंद्र पहुंचने वाले बच्चों को नहीं मिल रहा है। अधिकारी जानकारी होने के बावजूद मौन साधे बैठे हुए हैं।

विद्युत सप्लाई अब तक चालू नहीं
इस संबंध में केजुवां आंगनबाड़ी केंद्र-बी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री भोई ने बताया कि जब से मीटर उनके आंगनबाड़ी केंद्र में लगा है, तब से अभी तक एक बार भी बिजली चालू नहीं हुआ है। आंगनबाड़ी भवन खोलने के पूर्व बिल प्रतिमाह उनके आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच जाया रहता है। आंगनबाड़ी में विद्युत सप्लाई ना होने की जानकारी उनके द्वारा उनके उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित रूप से अवगत कराई गई है। लेकिन, विद्युत सप्लाई अभी तक आंगनबाड़ी केंद्र में चालू नहीं हुई है।





























