महासुमंद

आयुर्वेद फार्मासिस्ट मौत मामला: धारदार हथियार से हुई हत्या

आयुर्वेद फार्मासिस्ट की संदिग्ध मौत मामले में शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पहले ही मामले को संदिग्ध मान रही थी, लेकिन पत्नी के बयान को लेकर संशय की स्थिति थी। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। मौत की वजह फेफड़े के बाएं हिस्से में गहरा घाव का होना बताया जा रहा है, जो सीने पर किसी धारदार हथियार से वार करने से बने। मामले में पत्नी सहित नौकर और आस-पास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस जमीन-जायदाद, लेन-देन सहित अवैध संबंधों को केंद्र में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है। दरअसल, 25-26 सितंबर की दरमियानी रात खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम तमोरा निवासी राम कुमार दीवान (55) की खून से लथपथ लाश उसके घर के बरामदे में पलंग पर मिली थी। मृतक का शरीर कई जगह से फट चुका था, जैसे किसी धारदार हथियार से हमला किया गया हो।

मगर पत्नी ने पुलिस को बयान दिया कि देर रात 3 बजे शरीर फटने की आवाज के साथ राम कुमार अचेत हो गए थे। पत्नी और नौकर कार से उन्हें जिला हॉस्पिटल ले आए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हो रही थी, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया और रिपोर्ट के आधार पर घटना के 3 दिन बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

इधर, पत्नी के बयान पर संदेह, नौकर व ग्रामीणों से भी पूछताछ

शरीर पर मिले थे चार गहरे जख्म, इनमें से एक था गंभीर

फार्मासिस्ट की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस की निगाह पीएम रिपोर्ट पर टिकी हुई थी। पीएम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने सीने के बाएं भाग में फेफड़े व आंतरिक भागों में धारदार हथियार से गंभीर चोट आने के कारण मौत की पुष्टि की है। मृतक के शरीर पर ऐसे 4 निशान थे। इय पर खल्लारी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी, नौकर गेंदू, ग्रामीण व साथियों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि राम कुमार दीवान की हत्या के हर पहलू पर बिंदुवार जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी संभव है।

घर पर 8 माह की बेटी व पत्नी के साथ केवल नौकर ही था

गौरतलब है कि मृतक अपनी पत्नी और 8 माह की बेटी के साथ घर पर था। 25-26 सितंबर की दरमियानी रात वह बरामदे में सो रहा था। पत्नी व बेटी पास ही एक कमरे में सो रहे थे। रात तकरीबन 3 बजे राम कुमार दीवान की पत्नी भुनेश्वर दीवान को कुछ फटने की आवाज सुनाई दी। कमरे से बाहर निकल कर देखा तो उसके पति के शरीर से खून निकल रहा था। उसने दूसरे कमरे में सो रहे नौकर गेंदू को आवाज देकर बुलाया। दोनों रामकुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पीएम रिपोर्ट का था इंतजार अब पड़ताल में आई तेजी

खल्लारी पुलिस को सूचना मिलते ही जिला अस्पताल पहुंच, जहां पंचनामा के बाद मर्ग कायम किया और पीएम कराया। मृतक के शरीर को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या ही लग रहा था, लेकिन पत्नी के बयान के बाद रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार किया। चिकित्सक ने पीएम रिपोर्ट में बताया कि धारदार हथियार से सीने पर आंतरिक भागों में मारकर गंभीर चोट पहुंचाई। अधिक खून बह जाने और अंतरिक हिस्से में गंभीर घाव के कारण रामकुमार दीवान की मौत हुई।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!