सरायपाली : नवोदय में अंधा युग का नाटक के मंचन के साथ हिंदी पखवाड़ा का हुआ समापन

सरायपाली। जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली महासमुंद में हिंदी विभाग के तत्वावधान में 14 सितंबर से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया गया । इसके अंतर्गत विद्यालय में विभिन्न गतिविधियां जैसे हिंदी हस्ताक्षर अभियान, सुलेख प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रचनात्मक लेखन, पहेली प्रतियोगिता, पत्र लेखन आदि गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का समापन समारोह 27 सितंबर को शाम सेवा शंकर अग्रवाल एवं विद्याभूषण शतपथी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में बारहवीं कक्षा के छात्र अनिकेत धुरवे ने धर्मवीर भारती द्वारा लिखित अंधा युग गीतिनाट्य के अश्वत्थामा की भूमिका को मंचन किया। इसके उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया । श्री अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को दैनिक पत्र लिखने का अभ्यास करने की सलाह दी। वहीं श्री सतपथी जी ने विद्यार्थियों को आश्रमवासी विद्यार्थी के समान अध्यवसाय जीवन बिताने का संदेश दिया। प्राचार्य प्रशांत जी रहाटे ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पक्षों को धन्यवाद दिया।



























