
महासमुंद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिले में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय पर मुख्य आयोजन महासमुंद के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला प्रागंण में संसदीय सचिव श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। महासमुंद शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चे समारोह में हिस्सा लेकर योगक्रिया का अभ्यास करेंगे। यह कार्यक्रम सवेरे 7 बजे से लेकर 8 बजे तक एक घण्टे के लिए होगा। जिला स्तरीय आयोजन के लिए निर्धारित योग कार्यक्रम के अनुसार नमस्कार मुद्रा में ध्यानस्थ होकर प्रार्थना करना और योग मुद्रासन से समापन होगा। इसके बाद योगक्रिया से संबंधित सदलज, चालन क्रियाएं, शिथिलन योगाभ्यास, खड़े होकर किए जाने वाले आसन जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, पाद-हस्तासन,उत्तान आसन, अर्धचक्रासन और त्रिकोणासन के योग कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही बैठकर किए जाने वाले आसन, अधोमुख लेटकर किए जाने वाले आसन, उत्तान स्थिति में लेटकर किए जाने वाले आसन प्रमुखता से किए जाएंगे। कपालभाति के तीन चक्रों में अभ्यास, प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम, ध्यान,संकल्प और शांति पाठ के साथ समारोह का समापन होगा।
























