कोरोना संक्रमित का अंतिम संस्कार करने लोगों ने किया विरोध, पुलिस ने बरसाईं लाठियां, झड़प में चार घायल

कोरबा(काकाखबरीलाल)। कोरोना से संक्रमित एक सीएसईबी कर्मी की रविवार को कोरबा के कोविड हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए प्रशासन की ओर से बालकोनगर के दैहान पारा स्थित अस्थाई मुक्तिधाम में व्यवस्था की जा रही थी। स्थानीय लोग मुक्तिधाम पहुंच गए और अंतिम संस्कार का विरोध करने लगे ।
सूचना पर कोरबा नायब तहसीलदार पवन और बालकोनगर के पुलिस स्टॉफ मुक्तिधाम पहुंचे। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत शव के अंतिम संस्कार की जानकारी दी। लेकिन लोग नहीं माने। लोगों को समझाने का काम दोपहर 3 बजे तक चला। लेकिन लोग पीछे नहीं हटे अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि इसके बाद किसी शव का अंतिम संस्कार दैहानपारा में नहीं किया जाएगा।
इसके बाद शव को एक गाड़ी में रखकर देहानपारा ले जाया गया। इसके बाद लोग प्रशासन से लिखित आश्वासन की मांग करने लगे। लेकिन अफसरों ने लिखित में देने से इनकार किया। इसे लेकर लोगों ने शव गाड़ी को घेर लिया। इस पर पुलिस ने जबरदस्ती लोगों को पुलिस गाड़ी में बैठाना शुरू किया। लोग उग्र हो गए। पुलिस ने लाठी के बल पर उन्हें खदेड़ा। कुछ लोगों पर लाठियां भी बरसाई। इस दौरान एक महिला सिपाही चोटिल हुई। झड़प में तीन महिलाएं भी घायल हुई हैं।

























