प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्रहण की तैयारी जोरों पर

(रायपुर काकाखबरीलाल).
वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार वन विभाग द्वारा राज्य भर में चालू वर्ष 2020 में तेंदूपत्ता संग्रहण की अग्रिम तैयारी युद्ध-स्तर पर जारी है। इस तारतम्य में आज नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में प्रबंध संचालक राज्य लघु वनोपज संघ श्री संजय शुक्ला ने वीडियो कान्फ्रंेस के माध्यम से समीक्षा करते हुए समस्त क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षकों और 31 जिला यूनियनों के प्रबंध संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि तेंदूपत्ता संग्रहण के पूर्व क्षेत्र में शाख कर्तन का कार्य मार्च के प्रथम सप्ताह तक अनिवार्य रूप से कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधितों को शाख कर्तन संबंधी प्रशिक्षण देने के संबंध में भी निर्देशित किया, ताकि सीजन में अच्छी गुणवत्ता का अधिक से अधिक तेंदूपत्ता का संग्रहण हो सके।
प्रबंध संचालक श्री शुक्ला ने अवगत कराया कि अच्छी गुणवत्ता का तेंदूपत्ता संग्राहित होने से तेंदूपत्ता संग्राहकों को अधिक पारिश्रमिक के साथ-साथ उन्हें उनके द्वारा संग्राहित मात्रा के अनुपात में अधिक से अधिक प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में समस्त क्षेत्रीय अधिकारियों को संघ मुख्यालय द्वारा विस्तृत निर्देश पूर्व में जारी किए जा चुके है। इसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला यूनियनों को शाख कर्तन कार्य के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक राशि लगभग 10 करोड़ 70 लाख रूपए उपलब्ध करायी जा रही है, ताकि तेंदूपत्ता संग्राहकों को शाख कर्तन कार्य का भुगतान समय से किया जा सके।
प्रबंध संचालक श्री शुक्ला ने वीडियों कांफ्रेसिंग में तेंदूपत्ता संग्रहण के पूर्व गोदामों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जहां-जहां गोदामों के मरम्मत का कार्य कराया जाना है, वहां पर गोदामों के मरम्मत के लिए प्रस्ताव तत्काल संघ मुख्यालय को भेजने निर्देशित किया। इनमें छोटे-छोटे मरम्मत कार्य की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव सीधे मुख्य वन संरक्षक को भेजने के लिए निर्देश दिए। संघ मुख्यालय द्वारा मुख्य वन संरक्षकों को गोंदामों के मरम्मत की स्वीकृति के अधिकार जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने समस्त गोदामों के मरम्मत संबंधी कार्य को फरवरी माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
इसी तरह उन्होंने समस्त क्षेत्रीय अधिकारियों को तेंदूपत्ता के परिवहन के लिए संग्रहण के पूर्व पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया तेंदूपत्ता परिवहन में विभाग के वाहनों का भी उपयोग किया जा सकता है। तेंदूपत्ता परिवहन के लिए संबंधित मुख्य वन संरक्षक द्वारा दर का निर्धारण करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। प्रबंध संचालक द्वारा समस्त प्रबंध संचालक जिला यूनियनों को लंबित मासिक लेखा को आगामी 15 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से भेजने के लिए निर्देशित किया गया। इसी तरह संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से लंबित अग्रिम राशि की वसूली के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिला यूनियनों में लंबित अंकेक्षण आपत्ति के शीघ्र निराकरण की कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया।






























