‘चुप्पी तोड़ो हम साथ हैं’’ : कलेक्टर और एसपी ने लगाई बच्चों की पाठशाला

(महासमुद काका खबरीलाल) . कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र शुक्ल ने शेरगांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी भूमिका सुनिश्चित कर जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्रातः 07 बजे से दोपहर 03 बजे तक जारी रहे इस आयोजन में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए तनाव प्रबंधन व स्वस्थ जीवन कौशल शैली वाले आत्महत्या रोकथाम ˝अभियान नवजीवन˝, सुरक्षा के दृष्टिकोंण से ˝हमर पुलिस हमर संग˝ सहित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू नशा मुक्त समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूकता लाने का सराहनीय प्रयास किया गया।
कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने बच्चों को तनाव के कारणों के बारे में जानकारी दी और उसे नियंत्रण में रखने के तरीके बताए, साथ ही आत्महत्या के प्रकरणों को लेकर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर क्रमशः प्रदेश के चौंथे व जिले के अग्रणी पायदान में होने के आंकड़े स्पष्ट कर समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वयं, अपने परिवार एवं समाज तीनों के प्रति स्वेच्छा से सहयोग प्रदान करने की अपील की। श्री जैन के साथ आए पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र शुक्ल भी पंडाल के बीचों-बीच पहुंच कर बच्चों से रूबरू हुए। मनोरंजनात्मक अंदाज में प्रेरक संवाद के जरिए विशेषकर बच्चों और महिलाओं के लिए प्रदत्त अधिकारों के संबंध में संदेश प्रेषित किया। उन्होंने पीड़ितों द्वारा अपराध सह कर शिकायत नही करने जैसी गलतियों को नहीं करने सहित यातायात सुरक्षा को लेकर वाहन पंजीयन, बीमा और हेलमेट संबंधी नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
इस दौरान कलेक्टर श्री जैन एवं एसपी श्री शुक्ल दोनों अफसरों ने सभी को नशा नहीं करने के साथ दूसरों से नशा छुडवाने की शपथ दिलाई। जिला तंबाकू नियंत्रण दल ने बच्चों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए नशा उन्मूलन पेंटिंग व प्रश्न्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकों ने भी भाग लिया। कलेक्टर श्री जैन व एसपी श्री शुक्ल ने बतौर ˝एंटी’-टोबैको वॉलेंटियर˝ प्रतियोगिताओं में विजयी रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कूत कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथिगणों में परियोजना अधिकारी श्री रेख लाल शर्मा एवं प्राचार्या श्रीमती एसबी लाल सहित आयोजनकर्ताओं में पुलिस बाल मित्र सुश्री रोशना डेविड व महिला आरक्षक सुश्री अन्नू भोई एवं स्वास्थ्य विभाग से ईएमओ श्री टेकलाल नायक का योगदान उल्लेखनीय रहा।
























