सरायपाली में सरसीवा रोड बदहाल: गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, पानी निकासी न होने से जनता बेहाल; पूर्व पार्षद ने लगाया ‘कमीशनखोरी’ का आरोप

सरायपाली। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मुख्य सरसीवा रोड की हालत इन दिनों बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे और जलभराव राहगीरों के लिए रोजाना आफत बन रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक अमला गहरी नींद में सोया हुआ है। आलम यह है कि आम जनता धूल, कीचड़ और गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर है, वहीं प्रशासन की चुप्पी से यह साफ झलकता है कि उसे जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
सड़क की दुर्दशा और प्रशासनिक लापरवाही पर तीखा हमला बोलते हुए नगर पालिका के पूर्व पार्षद एवं सभापति हरदीप सिंह रैना ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नाली निर्माण न होना बर्बादी की मुख्य वजह
पूर्व पार्षद हरदीप सिंह रैना ने कहा कि सरसीवा रोड (विशेषकर पतेरापाली और आसपास के शहरी हिस्से) में जलभराव के चलते हर साल डामर बह जाता है और सड़क छलनी हो जाती है। यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि हर बरसात की यही कहानी है। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर पक्की नालियों का अभाव और पानी की निकासी न होना ही सड़क टूटने का सबसे बड़ा कारण है। पूर्व में जब कभी प्रशासन मुस्तैद रहता था, तो बारिश से पहले वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह काम पूरी तरह बंद पड़ा है।
अधिकारियों की कमाई का जरिया बने गड्ढे: रैना
श्री रैना ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह समस्या अधिकारियों और ठेकेदारों के लिए हर साल ‘कमाई का जरिया’ बन चुकी है। यही वजह है कि दोनों विभाग इसका कोई स्थायी समाधान निकालने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पक्की नालियां बन गईं और पानी की सही निकासी हो गई तो सड़क टूटना बंद हो जाएगी, जिससे हर साल मरम्मत के नाम पर होने वाला बंदरबांट भी रुक जाएगा। विभाग जानबूझकर जनता को इस नरक में धकेल रहा है ताकि फाइलों में हर साल बजट खपाया जा सके।
पीडब्ल्यूडी, पालिका और जनप्रतिनिधि तीनों कटघरे में
पूर्व सभापति ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) अगर मानसून से पहले संयुक्त रूप से पानी निकासी का प्रबंध कर लेते, तो आज जनता को यह दिन नहीं देखना पड़ता। दोनों ही विभाग अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े बैठे हैं। वहीं, विभागों की आड़ में बैठे स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पूरी तरह निष्क्रिय और उदासीन बने हुए हैं, जिन्हें जनता के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं रह गया है।
निराकरण नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन
हरदीप सिंह रैना ने चेतावनी दी है कि सरसीवा रोड और पतेरापाली क्षेत्र में जब तक व्यवस्थित नाली निर्माण और निकासी की योजना नहीं बनेगी, तब तक यह समस्या कभी खत्म नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अधिकारी कमीशनखोरी छोड़कर ईमानदारी से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें। यदि जल्द ही पीडब्ल्यूडी और पालिका प्रशासन ने धरातल पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनहित में दोनों विभागों के खिलाफ एक बड़ा और उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।



























