महासमुंद:खट्टा में क्षतिग्रस्त पुल-सड़क की अस्थायी मरम्मत, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को मिली राहत

महासमुंद। विकासखंड महासमुंद के ग्राम पंचायत खट्टा अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मांग पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल की अस्थायी मरम्मत कराए जाने से क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ है।
लगातार बारिश के दौरान पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो जाता था। यह मार्ग पटेवा से महासमुंद आने-जाने के साथ ही कोकड़ी शासकीय स्कूल, खट्टा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल तथा रामखेड़ा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण है।
ग्रामीणों ने समस्या के निराकरण की मांग को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने मौके की स्थिति का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तत्काल अस्थायी मरम्मत कार्य कराया। मरम्मत होने से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिली है। स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।






























