तुमगांव:पंचायत कार्यालय में चोरों का धावा, ताले तोड़कर दस्तावेज खंगाले और सामान किया पार

तुमगांव। ग्राम पंचायत भोरिंग के कार्यालय में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर कार्यालय के मुख्य गेट, रिकॉर्ड रूम और स्टोर रूम के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए तथा शासकीय दस्तावेजों को अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान जनसहयोग से प्राप्त एक इंडक्शन तथा 42 इंच का क्राउन कंपनी का एलईडी टीवी चोरी कर लिया गया।
ग्राम पंचायत भोरिंग के सचिव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 14 अगस्त की सुबह पंचायत चपरासी रामकुमार ढीढी ने फोन कर कार्यालय के ताले टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर रिकॉर्ड रूम की चार गोदरेज अलमारियों के ताले भी टूटे मिले और उनमें रखे शासकीय दस्तावेज बिखरे हुए थे। स्टोर रूम की दो अलमारियों के ताले तोड़कर दस्तावेजों को भी अस्त-व्यस्त किया गया था।
जांच के दौरान कार्यालय से करीब 1500 रुपये कीमत का इंडक्शन और करीब 6000 रुपये कीमत का 42 इंच एलईडी टीवी, कुल लगभग 7500 रुपये का सामान चोरी होना पाया गया। सचिव ने घटना की जानकारी देते हुए थाना तुमगांव में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।





























