सिंघोड़ा :गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, युवक से कड़े से मारपीट जान से मारने की धमकी का आरोप

सिंघोड़ा। ग्राम चारभाठा नयाडिही (डीपापारा) में किराना दुकान के पास वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद के बाद एक युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित रतिराम सोना (19) की शिकायत पर सिंघोड़ा पुलिस ने भूपेन्द्र भोई (23) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार घटना 16 अगस्त की शाम की है। रतिराम किराना दुकान से सामान खरीदने गया था और उसने अपनी गाड़ी विजय के घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान भूपेन्द्र भोई ने गाली-गलौज करते हुए वहां गाड़ी खड़ी करने पर आपत्ति जताई और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भूपेन्द्र ने हाथ में पहने कड़े से रतिराम के गर्दन और पेट में, जहां उसका ऑपरेशन हुआ था, कई बार वार किया। मारपीट के कारण रतिराम जमीन पर गिर गया।
घटना की जानकारी मिलने पर जितेन्द्र सोना और नितेश सोना मौके पर पहुंचे और रतिराम को बचाया। बाद में परिजनों को सूचना दी गई। पीड़ित के अनुसार परिजनों के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।
19 अगस्त को रतिराम द्वारा थाना सिंघोड़ा में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है।






























