महासमुंद:ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से सुरेंद्र को मिला बेहतर मुनाफा

महासमुंद। परंपरागत खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत किस्मों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में भी उत्पादन और आमदनी बढ़ा सकते हैं। इसी का उदाहरण किसान श्री सुरेंद्र ने पेश किया है। उद्यानिकी फसल के रूप में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती अपनाकर उन्होंने बेहतर उत्पादन के साथ अतिरिक्त आय अर्जित की।
किसान सुरेंद्र ने बताया कि कृषि की उन्नत तकनीकों और नई पद्धतियों की जानकारी के लिए वे उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहते हैं। इसी के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत वर्ष 2025-26 में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती के लिए 30 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से उन्हें कुल 144 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। उत्पादित बैंगन को बाजार में बेचने से उन्हें 2 लाख 39 हजार रुपए का शुद्ध लाभ मिला। ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से प्राप्त उत्पादन और बाजार मूल्य ने उन्हें पारंपरिक खेती की तुलना में बेहतर आर्थिक परिणाम दिया।
सुरेंद्र की सफलता से क्षेत्र के अन्य किसान भी आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत किस्मों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इससे किसानों को कम क्षेत्र में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर आय बढ़ाने के नए अवसर मिल रहे हैं।

























