बसना:घरेलू विवाद में महिला से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

भंवरपुर। ग्राम नौगड़ी में घरेलू विवाद को लेकर महिला से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता चंदन बाई ओगरे (27) की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 23 जुलाई की रात करीब 1 बजे की है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति परमेश्वर ओगरे शराब के नशे में घर आया और उसकी सास ग्रहणमोती ओगरे तथा ननद चांदनी खूंटे के साथ मिलकर उसे बेटा पैदा नहीं करने और बीमार होने की बात कहते हुए ताना मारने लगा। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसी दौरान सास ग्रहणमोती ने कथित रूप से बांस के डंडे से पीड़िता के साथ मारपीट की। मारपीट से उसके बाएं कमर और जांघ में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। पीड़िता जान बचाकर घर से बाहर चली गई। घटना को आसपास के लोगों द्वारा देखे-सुने जाने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है। परिवार से सलाह के बाद 11 अगस्त को चौकी भंवरपुर में शिकायत दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





























