सरायपाली

बसना:विद्यालय संसद चुनाव में आभाष यादव बने प्रधानमंत्री, लोकतांत्रिक प्रक्रिया का विद्यार्थियों ने लिया व्यावहारिक अनुभव

बसना। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया (पो.), विकासखंड बसना में सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय संसद चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। विद्यार्थियों को मतदान, मतगणना, नेतृत्व, अनुशासन एवं जिम्मेदारी का व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से आयोजित चुनाव में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान किया। इसके बाद पारदर्शी तरीके से मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। कक्षा पहली से भुवनेश्वरी जगत, दूसरी से पूनम पटेल और तीसरी से शौर्य साव निर्विरोध कक्षा मंत्री चुने गए। कक्षा चौथी में प्रभंजन यादव 6 मत प्राप्त कर कक्षा मंत्री तथा रीतु यादव 4 मत प्राप्त कर उप कक्षा मंत्री चुनी गईं। कक्षा पांचवीं में आहना साहू 6 मत के साथ कक्षा मंत्री तथा बबली प्रधान 4 मत के साथ उप कक्षा मंत्री बनीं।
कक्षा छठवीं में गोपेश गड़तिया 15 मत प्राप्त कर कक्षा मंत्री तथा नीलम यादव 9 मत प्राप्त कर उप कक्षा मंत्री बनीं। कक्षा सातवीं में देवकी प्रधान 11 मत के साथ कक्षा मंत्री तथा लीजा साहू 6 मत के साथ उप कक्षा मंत्री चुनी गईं। कक्षा आठवीं में पूनम यादव 8 मत प्राप्त कर कक्षा मंत्री तथा लोकेश पटेल 7 मत प्राप्त कर उप कक्षा मंत्री बने।
विद्यालय के प्रधानमंत्री (शाला नायक) पद के चुनाव में कक्षा आठवीं के आभाष यादव ने सर्वाधिक 37 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। भूपेंद्र को 27 तथा दिपान पटेल को 23 मत मिले। परिणाम के आधार पर भूपेंद्र एवं दिपान पटेल को बाल कैबिनेट में उप प्रधानमंत्री का दायित्व सौंपा गया।
नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, कक्षा मंत्रियों एवं उप कक्षा मंत्रियों को विद्यालय के विकास, अनुशासन, स्वच्छता, नियमित अध्ययन और आपसी सहयोग के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने सत्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ विद्यालय हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
विद्यालय संसद चुनाव का आयोजन प्रभारी प्रधान पाठक रामनाथ साव के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विनोद विशाल, शुभकुमारी बाघ, नरेश कुमार मिश्रा, प्राथमिक प्रधान पाठक अभिषेक कर एवं सहायक शिक्षक सुशील प्रधान का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मताधिकार के महत्व, निष्पक्ष मतदान, मतगणना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी।
विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित बाल प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विद्यालय हित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र को केवल पढ़ने के बजाय उसे व्यवहार में सीखने का प्रभावी अवसर प्रदान किया।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!