शुभा नर्सिंग होम ने जटिल हड्डी ऑपरेशन में फिर रचा सफलता का नया अध्याय

सरायपाली। झिलमिला स्थित शुभा नर्सिंग होम के ऑर्थोपेडिक विभाग ने एक बार फिर जटिल हड्डी संबंधी सर्जरी में सफलता हासिल की है। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 51 वर्षीय मरीज की दुर्घटना में गंभीर रूप से टूटी हुई बांह (ह्यूमरस) की हड्डी का सफल ऑपरेशन कर उसे नई उम्मीद दी है।
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोहरापाली निवासी 51 वर्षीय मरीज को दुर्घटना के बाद हाथ में तेज दर्द, सूजन एवं हड्डी टूटने की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था। आवश्यक जांच एवं एक्स-रे के बाद ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सफल सर्जरी की।
ऑपरेशन के दौरान टूटी हुई हड्डी को सही स्थिति में लाकर ऑर्थोपेडिक प्लेट एवं स्क्रू की सहायता से मजबूती से फिक्स किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है तथा चिकित्सकीय निगरानी में उसका स्वास्थ्य तेजी से बेहतर हो रहा है। पोस्ट-ऑपरेटिव एक्स-रे में हड्डी का संरेखण (अलाइनमेंट) संतोषजनक पाया गया, जिससे भविष्य में हाथ की सामान्य कार्यक्षमता लौटने की अच्छी संभावना जताई गई है।
शुभा नर्सिंग होम प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल में अनुभवी चिकित्सकों की टीम एवं आधुनिक सुविधाओं की बदौलत हड्डी एवं जोड़ संबंधी जटिल ऑपरेशन लगातार सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
































