पिथौरा:जनपद पंचायत के सर्वर रूम में चोरी, यूपीएस और 7 बैटरियां पार

पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा परिसर स्थित बीएमसी (CGSWAN) सर्वर रूम में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर यूपीएस एवं बैटरियों की चोरी कर ली। घटना 6 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से 7 जुलाई 2026 की सुबह 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
अति मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा थाना पिथौरा में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सर्वर रूम में रखे डेल्टा कंपनी का एक यूपीएस तथा उससे संबंधित 6 बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है, चोरी हो गई। इसके अलावा महिंद्रा डीजी जनरेटर में लगी एक्साइड कंपनी की एक बैटरी, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है, उसे भी अज्ञात चोर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर जनपद पंचायत की ओर से थाना पिथौरा में लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। मामले की सूचना कलेक्टर महासमुंद, चिप्स रायपुर, जिला पंचायत महासमुंद, एसडीएम पिथौरा तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सर्वर रूम से सरकारी उपकरणों की चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
































