सरायपाली

सरायपाली:सामाजिक बैठक में नहीं पहुंचने पर दंपति से मारपीट  जानें पूरा मामला

सरायपाली। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथलडीह में सामाजिक बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर एक दंपति के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोथलडीह निवासी आशा गार्डिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि 3 जुलाई 2026 को गांव में एक सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी। उनके पति लंबोदर गार्डिया काम के सिलसिले में बाहर होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके थे। शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 4 बजे गांव के कोटवार युधिष्ठिर ताण्डी उनके घर पहुंचे और लंबोदर गार्डिया को बाहर बुलाकर बैठक में शामिल नहीं होने का कारण पूछा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस बात को लेकर युधिष्ठिर ताण्डी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा चप्पल से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची आशा गार्डिया के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। इसी दौरान युधिष्ठिर ताण्डी की पत्नी सावित्री ताण्डी भी वहां पहुंच गईं और उन्होंने भी गाली-गलौज एवं मारपीट की।
घटना में आशा गार्डिया को पीठ, बाएं कान के पास तथा सिर में चोटें आने का दावा किया गया है, जबकि उनके पति लंबोदर गार्डिया के दाहिने गर्दन और कंधे के पास चोट लगने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना को गांव के कई लोगों ने देखा और सुना है।
परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद पीड़िता ने 4 जुलाई 2026 को सरायपाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!