पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान की कार्यशाला पिथौरा में संपन्न

नंदकिशोर अग्रवाल, काकाखबरीलाल@ पिथौरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान की कार्यशाला का आयोजन अग्रसेन भवन, पिथौरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यशाला में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, मंडल उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, जिला सहकोषाध्यक्ष प्रीतराम सूर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल, शशि डड़सेना, वेदप्रकाश गोयल एवं मंडल महामंत्री जतीन ठक्कर ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और सेवा भाव को प्रत्येक कार्यकर्ता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी भारतीय राजनीति एवं सुशासन का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की नीतियों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाने का कार्य करें।
भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक युग में डिजिटल तकनीक संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने का माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यकर्ताओं को किसी भी समय और किसी भी स्थान से संगठन के इतिहास, विचारधारा, कार्यपद्धति, नेतृत्व विकास, चुनाव प्रबंधन तथा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपने मोबाइल पर डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़कर नियमित अध्ययन करने एवं अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण अभियान संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
बैठक की प्रस्तावना रखते हुए मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की रीति-नीति, विचारधारा एवं कार्यशैली से भली-भांति परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण की परंपरा संगठन को निरंतर गतिशील एवं सशक्त बनाती है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह प्रशिक्षण प्राप्त कर संगठन के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से समाज के बीच लाया । कार्यशाला कार्यक्रम का मंच संचालन एल्डरमेन सतप्रीत सलूजा ने किया।
इस अवसर पर समस्त मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित पोलिंग बूथों के पदाधिकारी उपस्थित थे ।

































