महासुमंद

महासमुंद:बीज विक्रेताओं के यहां कृषि विभाग की छापामार कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी

महासमुंद। जिले में खरीफ सीजन 2026 के लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित उन्नत बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार गुरुवार को उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने ग्राम लभराखुर्द स्थित विभिन्न बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स प्रांकुर बीज उत्पादक कल्याण समिति, मेसर्स श्री गंगा सीड्स एवं मेसर्स अन्ना सीड्स के यहां निर्धारित मानकों के अनुरूप अनियमितताएं पाई गईं। इस पर कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा जिले में बीज की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। विभाग द्वारा खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें तथा खरीदी का बिल अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा उप संचालक कृषि कार्यालय, महासमुंद में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य शासन का उद्देश्य खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उन्नत बीज एवं उर्वरकों की समय पर और सुगमता से उपलब्धता सुनिश्चित करना है, जिसके लिए विभाग द्वारा सतत निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!