बसना:महिला से मारपीट, गला दबाने का प्रयास दंपति पर केस दर्ज

बसना। ग्राम बड़ेसाजापाली निवासी जमुना बाई भारद्वाज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के ईश्वर भारद्वाज उन्हें एक बाड़ी में मजदूरी करने से रोकते थे। शिकायत के अनुसार, 2 जून की शाम ईश्वर भारद्वाज उनके घर पहुंचा और हाथ पकड़कर मारपीट की, जिससे उनकी चूड़ियां टूट गईं और हाथ में चोट आई।
पीड़िता ने बताया कि अगले दिन आयोजित एक बैठक में शामिल नहीं होने पर ईश्वर भारद्वाज और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई ने घर के सामने बुलाकर कथित रूप से गाली-गलौज की, थप्पड़ मारे तथा गला दबाने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने बंदूक से जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही, ईश्वर भारद्वाज द्वारा अपने पालतू कुत्ते से हमला कराने का प्रयास किया गया, जिसमें बीच-बचाव के दौरान ग्राम सरपंच को कुत्ते ने काट लिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक अन्य मामले में अदालत में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के दौरान पीड़िता के परिजन और अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 331(3) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































