सरायपाली:कर्ज वसूली के नाम पर युवक का अपहरण, सिंघोड़ा पुलिस की सतर्कता से बची जान
सरायपाली से युवक को जबरन कार में बैठाकर उड़ीसा ले जा रहे थे आरोपी

काकाखबरीलाल@सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र में कर्ज वसूली को लेकर एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उड़ीसा के कुछ लोगों ने युवक को घर से बाहर बुलाकर मारपीट की, गाली-गलौज करते हुए जबरन कार में बैठाया और उड़ीसा की ओर ले जाने लगे। रास्ते में सिंघोड़ा थाना के सामने पुलिस चेकिंग के दौरान युवक ने साहस दिखाते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर युवक को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया।
छह-सात महीने पहले लिया था उधार
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चट्टीगिरोला थाना सरायपाली निवासी 32 वर्षीय निरंजन दास वर्तमान में सरायपाली स्थित हुंडई शोरूम के पास किराये के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहता है तथा रायपुर स्थित मारुति शोरूम में टीम लीडर के पद पर कार्यरत है।
निरंजन दास ने बताया कि उसने करीब छह-सात महीने पहले उड़ीसा के ग्राम दवारी निवासी देबार्चन मलिक से साढ़े तीन लाख रुपये उधार लिये थे, जिसमें से 50 हजार रुपये वापस कर चुका था। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण शेष रकम नहीं चुका पाने पर आरोपी लगातार फोन कर धमकी देता था।
घर से बुलाकर सड़क पर घसीटा
पीड़ित के अनुसार 14 मई 2026 की शाम करीब 6 से 6:30 बजे देबार्चन मलिक अपने पांच साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। आरोपियों ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया और बाहर आते ही कॉलर पकड़कर सड़क तक घसीट लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसे जबरन कार क्रमांक OD17AG 7735 में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरदस्ती कार के अंदर ठूंस दिया।
पत्नी के सामने किया अपहरण
घटना के दौरान शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी भूमिसुता बाहर आई और पति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से वाहन लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर निकल गये। पीड़ित ने बताया कि रास्ते भर आरोपी उसे धमकाते रहे कि “आज के बाद तेरा कोई पता नहीं चलेगा।”
पुलिस चेकिंग बनी जीवनदान
बताया जा रहा है कि जब आरोपी वाहन लेकर सोहेला उड़ीसा की ओर जा रहे थे, उसी दौरान थाना सिंघोड़ा के सामने पुलिस की वाहन चेकिंग चल रही थी। पुलिस ने संदेह होने पर कार को रोका और पूछताछ की। इसी दौरान निरंजन दास ने पुलिस को बताया कि उसका अपहरण कर जबरन ले जाया जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को सुरक्षित छुड़ाया और आरोपियों को हिरासत में लिया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
सरायपाली पुलिस ने देबार्चन मलिक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी हुई है।





























