सरायपाली: विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया

सरायपाली।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नागेश्वर राव के “हम सभी के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध” संदेश के परिपालन में तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक के मार्गदर्शन में स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस स्वास्थ्य जागरूकता के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं जिसमें खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य आमजन को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा बीमारियों की रोकथाम के प्रति सजग बनाना है।
उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और योग-व्यायाम को अपनाकर हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण एवं जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने के संदेश के साथ किया गया इस कार्यक्रम में मितानिन कार्यक्रम से जिला मितानिन समन्वयक जागृति बरेठा , ब्लॉक समन्वयक रुदना राणा, पार्वती चौधरी, स्वस्थ पंचायत समन्वयक लोचना सोना, रामबती बारिक व विकास खंड सरायपाली के समस्त मितानिन प्रशिक्षक उपस्थित रहे।




























