सरायपाली:शिशुपाल पर्वत की तलहटी में स्नेह भोज का भव्य आयोजन किया गया

सरायपाली।शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बानीगिरोला में नवपदस्थ प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण करने के पश्चात भोग सिंह भोई द्वारा सरायपाली क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर शिशुपाल पर्वत की तलहटी में एक भव्य एवं आत्मीय स्नेह भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सौहार्द, सम्मान और शिक्षा जगत की एकजुटता का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी. सी. पटेल, विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकनाथ भोई, सेवानिवृत्त प्राचार्य शौकीलाल भोई, प्राचार्य जितेंद्र बुडेक, गांड़ा राय साहू, रतन बंजारे पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पटेल, शिवचरण पटेल जनपद सदस्य प्रतिनिधि,सरपंच प्रतिनिधि भुवनेश्वर दास मानिकपुरी, पूर्व सरपंच महेश भोई, प्रसन्न प्रधान सहायक प्राध्यापक उपेंद्र बरिहा, केशव चौधरी, आलेख भोई मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुआ। साल श्रीफल,पुष्प गुच्छ से भोई का सम्मान किया गया।इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने अपने-अपने उद्बोधन में नवपदस्थ प्राचार्य को शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकनाथ भोई ने अपने संबोधन में कहा कि
“शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन और समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है। श्री भोग सिंह भोई जी एक अनुभवी, कर्मठ एवं समर्पित शिक्षक हैं, उनके नेतृत्व में विद्यालय निश्चित ही नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।”
प्राचार्य जितेंद्र बुडेक ने कहा कि
“शिक्षक का दायित्व केवल कक्षा तक नहीं होता, बल्कि समाज के भविष्य को दिशा देना भी उसका प्रमुख कर्तव्य है। भोग सिंह भोई का यह आत्मीय आयोजन उनकी सकारात्मक सोच और सहयोगी भावना को दर्शाता है।”
रतन बंजारे ने अपने उद्बोधन में कहा कि
“इस प्रकार के स्नेह भोज कार्यक्रम आपसी समन्वय, सहयोग और पारस्परिक सम्मान को बढ़ाते हैं, जो शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाते हैं।”
मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी. सी. पटेल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि
“ भोग सिंह भोई जैसे अनुभवी अधिकारी का प्राचार्य पद पर आसीन होना विद्यालय एवं संपूर्ण संकुल के लिए सौभाग्य की बात है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी।”
अंत में बी. एस. भोई ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
“आप सभी के सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन से ही मैं अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से कर पाऊँगा।”
इस अवसर पर बैदपाली संकुल के समस्त शिक्षकगण, जम्हारी, भूतिया, मोहदा ,सहित विभिन्न हाई स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जयंत बारीक तथा आभार प्रदर्शन संकुल समन्वयक पालसिंह बंजारे द्वारा किया गया।





























