पिथौरा

शिक्षा, संस्कार और स्वरोजगार से सशक्त हो रहा कलार समाज : विधायक द्वारिकाधीश

  • शिक्षा, संस्कार और स्वरोजगार से सशक्त हो रहा कलार समाज : विधायक द्वारिकाधीश
  • ​संख्याबल नहीं, योग्यता से मिलती है सत्ता में भागीदारी: डॉ. नीरज

​नंदकिशोर अग्रवाल, काकाखबरीलाल@ पिथौरा । छत्तीसगढ़ कलार समाज पिथौरा ब्लॉक का वार्षिक सम्मेलन कौडिया परिक्षेत्र के परसदा (बुंदेली) में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने समाज को शिक्षा, संस्कार और स्वरोजगार को आधार बनाकर निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

​खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कलार समाज अपनी काबिलियत, संगठन शक्ति और दूरदर्शिता के दम पर उल्लेखनीय प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि समाज आर्थिक रूप से समृद्ध होने के साथ ही अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभर रहा है। विधायक यादव ने परसदा में सामाजिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासनिक पदों पर कार्यरत समाज के लोगों को पूरे समाज के लिए गौरव की बात बताया।

​कलार समाज के जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज गजेंद्र ने समाज को योग्यता के बल पर सत्ता और प्रभाव हासिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी समाज केवल संख्याबल के आधार पर प्रभावी नहीं हो सकता। डॉ. गजेंद्र ने समाज से शिक्षा और संस्कार के साथ-साथ बच्चों में सर्वसमाज के हितों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जो समाज केवल अपने स्वार्थ तक सीमित रहता है, वह प्रभावी नहीं रह पाता।

​समाज के जिला संरक्षक ईश्वर सिन्हा ने समाज की मजबूती की शुरुआत परिवार से होने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति स्वयं सक्षम नहीं होगा, तब तक समाज को सशक्त बनाने का संकल्प अधूरा रहेगा। वहीं साहू समाज के परिक्षेत्र अध्यक्ष मनोहर साहू ने कलार समाज की संगठन क्षमता की सराहना की।

​कौडिया परिक्षेत्र के मंडलेश्वर पुनीत सिन्हा ने सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए समाज के सदस्यों के लिए एक बड़ी प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी सदस्य यदि प्रशासनिक पद पर नियुक्त होता है तो उसे व्यक्तिगत रूप से 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में सचिव पोला राम डड़सेना ने वार्षिक आय एवं व्यय राशि की जानकारी प्रस्तुत की।

​🌟 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ कृषकों का सम्मान

​सम्मेलन में समाज की उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। महज 13 वर्ष की आयु में जूडो-कराटे नेशनल कप जीतकर जिले और समाज का नाम रोशन करने वाले सृजल डड़सेना को विशेष सराहना मिली। इसके साथ ही शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अमन सिन्हा, कोमल सिन्हा, जयंत सिन्हा, रुचि महेन्द्र एवं दिव्या सिन्हा को शॉल, श्रीफल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

​इसके अलावा, समाज की कृषि परंपरा और अन्नदाता के योगदान को नमन करते हुए अनेक वरिष्ठ कृषकों का भी अभिनंदन किया गया। विभिन्न ग्रामों से आए अनुभवी कृषकों, जिनमें रविराम सिन्हा, सादराम सिन्हा, मंशाराम सिन्हा, लखन डड़सेना, रामकुमार डड़सेना, मेघनाथ डड़सेना, बलराम सिन्हा, मोरध्वज सिन्हा, चन्द्रभान सिन्हा, रतन डड़सेना, गोपाल डड़सेना सहित कई अन्य शामिल थे, को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन किसानों का जीवन संघर्ष, मेहनत और आत्मनिर्भरता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

​कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष महेन्द्र डड़सेना, उपाध्यक्ष मानश्र्व डड़सेना, युवा मंच अध्यक्ष ओम सिन्हा, नगर अध्यक्ष राजू सिन्हा, राजनीतिक प्रकोष्ठ के संयोजक शैलेन्द्र डड़सेना सहित ग्राम परसदा के सामाजिक जनों और महिला सहभागियों (भुनेश्वरी डड़सेना, देवकी डड़सेना, नीता डड़सेना आदि) का प्रमुख योगदान रहा।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!