सरायपाली

सरायपाली: इस मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे

 सरायपाली (काकाखबरीलाल).वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगभग सभी ओर पक्की सड़कें बन चुकी हैं, जिससे लोगों का आना जाना सुगम हो गया है। वहीं कुछ ग्रामों में पक्की सड़क नहीं बन पाने के कारण पंचायत के द्वारा कच्ची सड़कों का भी निर्माण किया गया है, ताकि ग्राम वासियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। लेकिन कुछ स्थानों पर उन सड़कों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण सड़क खराब हो रही है, जो लोगों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। कुछ इसी तरह का मामला ग्राम देवलभांठा से खपरीडीह के बीच बने कच्ची सड़क पर देखा गया, जिसमें मरम्मत के अभाव में कई छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस मार्ग से कई वाहनों का आना-जाना होता है, जिन्हें सड़क पर बने गड्ढों से बहुत अधिक परेशानी हो रही है।

ग्राम पंचायत देवलभांठा के आश्रित ग्राम खपरीडीह के ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2010 में ग्राम पंचायत के द्वारा देवलभांठा से खपरीडीह के बीच कच्ची सड़क का निर्माण करवाया गया था। वर्तमान में इस मार्ग पर कई छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देवलभांठा से खपरीडीह होते हुए कई बच्चे ग्राम किसड़ी में पढ़ने के आते हैं। बरसात के दिनों में मार्ग के गड्ढों में पानी भर जाने से उन बच्चों को बहुत अधिक समस्या होती है। इसके अलावा अन्य दुपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहन भी हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के मध्य एक राईस मिल है, जिसके कारण समय-समय पर कई ट्रेक्टर, ट्रक जैसे माल वाहक वाहन भी उस मार्ग पर आते हैं। सड़क के गड्ढों के कारण इन वाहनों को भी गुजरने में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हालांकि समय-समय पर पंचायत के द्वारा इस मार्ग की मरम्मत की जाती है और गड्ढों को पाटा जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों के बाद स्थिति पुन: जस-की-तस हो जाती है। उपरोक्त समस्याओं को देखते हुए दोनों ओर के ग्रामवासियों के द्वारा इस कच्ची सड़क के स्थान पर पक्की सड़क बनाये जाने की मांग की जा रही है, ताकि सभी प्रकार के मौसम में मार्ग पर आवाजाही सुगम हो सके।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!