छात्रों को 7 दिनों में लेना होगा कॉलेज में एडमिशन कॉलेज प्रवेश के लिए लिस्ट 18 को, रविवि में देना होगा एंट्रेंस एग्जाम

रायपुर (काकाखबरीलाल).कॉलेजों में बीए, बीकॉम, बीएससी में प्रवेश के लिए कोई परीक्षा नहीं होगी। बाहरवीं के नंबरों के आधार पर मेरिट तैयार कर सीटें आबंटित की जाएगी। कॉलेजों में प्रवेश के लिए पहली लिस्ट 18 को जारी होगी। इसके अनुसार छात्रों को संबंधित कॉलेजों में सात दिनों के भीतर प्रवेश लेना होगा। वहीं दूसरी ओर पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय अध्ययन शालाओं में संचालित विभिन्न कोर्स के लिए इस बार एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने इसकी तैयारी कर है।
अफसरों का कहना है एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन ऑनलाइन होगा। इसके लिए जल्द गाइडलाइन जारी होगी। कॉलेजों में ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर और पीजी प्रीवियस में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रकिया चल रही है। रविवि से करीब 150 कॉलेज संबद्ध है। इन कॉलेजों में फर्स्ट ईयर की करीब 30 हजार सीटें हैं। इनमें प्रवेश के लिए इस बार भी परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। बारहवीं के नंबरों के आधार पर सीटें आबंटित की जाएगी। यानी जिन्हें बारहवीं में अधिक नंबर मिले होंगे उनके लिए मनचाहे कॉलेज में प्रवेश लेना आसान होगा।
काॅलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। कुलपति की अनुमति से 15 सितंबर तक प्रवेश होंगे। ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर व पीजी प्रीवियस में प्रवेश प्रथम चरण के लिए 17 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। इसके अनुसार 18 को पहली लिस्ट जारी होगी। लिस्ट के तहत ही 24 अगस्त तक प्रवेश होगा। इसके बाद प्रवेश के लिए दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत 25 व 26 अगस्त को आवेदन मंगाए जाएंगे। प्रवेश के लिए 27 अगस्त को लिस्ट जारी होगी। इस लिस्ट के अनुसार छात्र 31 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे।
कक्षा बारहवीं सीजी बोर्ड की परीक्षा इस बार छात्रों ने घर से दी। बड़ी संख्या में न सिर्फ छात्र पास हुए हैं, बल्कि सैकड़ों की संख्या में ऐसे भी छात्र हैं जिन्हें 80 प्रतिशत से अधिक नंबर मिले हैं। सीजी बोर्ड के अलावा सीबीएसई कक्षा बारहवीं का रिजल्ट भी अच्छा रहा है। इसलिए इस बार अच्छे कॉलेजों में 80 फीसदी से कम नंबर पाने वाले छात्रों को प्रवेश मिलना मुश्किल है। साइंस कॉलेज, छत्तीसगढ़ कॉलेज, डिग्री गर्ल्स कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों में इस बार पहली लिस्ट का कटऑफ लगभग 85 फीसदी तक रह सकता है।






















