सरायपाली: पिकअप वाहन से 66 कट्टा धान जब्त


सरायपाली (काकाखबरीलाल).अवैध रूप से धान परिवहन की सूचना पर पुलिस के द्वारा ग्राम लंबर के पास से एक पिकअप वाहन से 66 कट्टा धान जब्त कर मंडी समिति सरायपाली के सुपुर्द किया गया है। थाना से मिली जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे एवं एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी के मार्गदर्शन में जिले में हो रहे अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी क्रम में 1 दिसंबर की मध्य रात्रि थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 13 डी 2878 में लंबर की ओर से अवैध धान सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम रवाना होकर मुखबिर के बताए स्थान लंबर के पास पहुंची और वाहनो की जाँच के दौरान सरसीवा रोड की ओर से आ रही उक्त पिकअप वाहन को रोका गया। उसमें बैठे चालक गजानंद साहु पिता स्व. जगत राम साहू उम्र 28 वर्ष निवासी पहंदा थाना केडार जिला सारंगढ़ से पूछताछ करने पर उसने 66 कट्टा सरना मोटा धान अवैध रूप से परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मौके पर से 66 कट्टा धान एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त किया और अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन तैयार कर कृषि उपज मंडी समिति सरायपाली को सौपा गया है। संपूर्ण कार्यवाही में एएसआई डामनलाल नागवंशी, आरक्षक विक्रम लहरे, परमेश्वर प्रजापति एवं साइबर सेल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।






























