सरायपाली: आज के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं श्रीराम…..फूल की खेती कर ले रहे अच्छी आमदनी

सरायपाली .वर्तमान समय में लोग अपनी आमदनी के लिए तरह तरह के कार्य कर रहे हैं। लेकिन कृषि के क्षेत्र में कुछ नया करके आमदनी बढ़ाने वाले लोग बहुत कम ही दिखाई देते हैं। ग्राम ईच्छापुर के एक कृषक श्रीराम नायक ने गेंदे के फूल की खेती करके युवा पीढ़ी के समक्ष एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही वे अन्य फूलों की भी खेती करके लाखों रुपए की आय अर्जित कर रहे हैं।
विकासखंड में गेंदे की खेती करने वाले कुछ गिने-चुने किसान ही हैं, जिन्होंने इसे अपनी आमदनी का जरिया बनाया है।
इसके साथ गुलाब की भी मांग बहुत अधिक है। ईच्छापुर के किसान श्री नायक ने बताया कि वे 2017 से गुलाब, गेंदा, रेवती, चमेली, रजनीगंधा आदि की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके यहां से गेंदे के फूलों की सप्लाई रायपुर, भुवनेश्वर, कटक, बारगढ़, रायगढ़, संबलपुर, पदमपुर, पिथोरा, बिलासपुर, शिवरीनारायण तक होती है।
इस समय बाजार भाव 80 से 100 रुपए किलो तक चल रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस खेती को करने के लिए उन्हें शुरुआत में 50 प्रतिशत अनुदान राशि मिली थी। जिससे वे अपना कार्य प्रारंभ किए। फसल तैयार हो जाने के बाद आधे एकड़ खेत से हर दिन करीब 50 किलो तक फूल प्राप्त होता है। इस तरह फरवरी माह में बोए गए गेंदे की खेती से मात्र 3 महीनो में देखा जाए तो किसानों को लगभग 50 हजार तक की आमदनी होती है।
त्यौहारी व शादी सीजन में बढ़ी है फूलों की मांग
गेंदे के साथ-साथ गुलाब फूल की खेती भी किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। वे बरसात के बाद से खेती कर इसमें अच्छी आमदनी ले रहे हैं। वर्तमान में त्यौहारी व शादी सीजन में इसकी बिक्री में बढ़ोत्तरी हुई है। वे ड्रिप सिस्टम के साथ सिंचाई कर फूलों की खेती से पारंपरिक फसलों के मुकाबले कई गुना अधिक कमाई करते है। ड्रिप सिस्टम में पानी बूंद बूंद करके पौधों में पहुंचता है।
























