सरायपाली : सैकड़ों लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना

सरायपाली. शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत लोगों को अपने घर के सामने व मोहल्ले में ही चलता फिरता अस्पताल के रूप में बस में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। जो मरीज चलने में असक्षम है, उनके लिए यह शासन की योजना वरदान साबित हो रही है। महीने में शहर के आठ स्थानों पर अलग-अलग वार्डों में इस योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है। विगत 1 अप्रैल से जिले में छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा दो मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत चलता फिरता अस्पताल (बस) की सेवाएं शुरू की गई। इसमें से सरायपाली, बसना, पिथौरा, बागबाहरा के लिए एक वाहन उपलब्ध कराई गई है। सप्ताह में 2 दिन सरायपाली शहर के विभिन्न वार्डों में अस्पताल रूपी बस में मरीजों का वार्डों में ही नि:शुल्क इलाज होता है। बस में स्वास्थ्य की सारी सुविधाएं लोगों को मिलती है, अस्पताल की तरह सर्वप्रथम मरीजों की पर्ची बनाई जाती है। जहां एक फार्मासिस्ट, डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन, एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर, एक ड्राइवर उपस्थित रहते हैं। मरीजों से केवल उनके नाम मोबाइल नंबर नोट किए जाते हैं और मरीजों को सारी सुविधाएं दी जाती है। नि:शुल्क, बीपी शुगर जांच, खून जांच, दवाइयां व निशुल्क इलाज किया जाता है। शहर में यह वाहन मुख्य रूप से साइंस कॉलेज के पास, पुराना मंडी, संजय नगर, पतेरापाली, झिलमिला पहुंचती है। जहां बिना शुल्क लिए शहरवासियों का इलाज होता है। इस योजना के तहत प्रतिदिन डेढ़ सौ से अधिक मरीज लाभान्वित होते हैं। अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने वार्ड पार्षद व वार्ड में मुनादी करवाई जाती है और कई मरीज तो घर के समीप वाहन खड़े रहने व लोगों की भीड़ को देखकर पूछकर इलाज करवाने पहुंच जाते हैं। विगत दिनों पतेरापाली में प्राथमिक शाला स्कूल के समीप वाहन खड़े कर मोहल्ले वासियों का नि:शुल्क इलाज किया गया।
योजना पहुंचीं मरीजों के घर तक
मरीज चाहे किसी भी बीमारी से पीड़ित हो, इलाज करवाने किसी भी हाल में अस्पताल जाना ही पड़ता है। लेकिन, शासन की यह पहली योजना है कि मरीजों के घर तक चलता-फिरता अस्पताल पहुंचकर लोगों का इलाज कर रहा है। यह योजना चालू होने से लोगों का समय और आर्थिक बचत हो रही है। अस्पताल जाने लोगों को न तो वाहन की व्यवस्था करनी पड़ रही है और ना ही अस्पताल कि लंबी लाइनों में समय गंवाना पड़ रहा है।
सप्ताह में दो दिन मिलता है लाभ
शहरी स्लम योजना के तहत बस को अस्पताल का रूप देकर, शासन द्वारा गरीब जनता को अधिक से अधिक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने भेजे गए वाहन का स्थानीय स्तर में लोगों को लाभ मिलना शुरू हो गया है। इस अस्पताल रूपी बस में वहां पर सेवा दे रहे डॉक्टर व कर्मचारी सुबह 8 बजे से 3 बजे तक, जिले के 4 शहरों में सेवा देते हैं। इसमें सरायपाली वासियों को सप्ताह में 2 दिन और महीने में 8 दिन इस योजना का लाभ मिलता है।


























