पत्नी ने शराब पीने पैसे नहीं दिए, टंगिया से कई वार कर पत्नी की हत्या, आरोपी पति चढा़ पुलिस के हत्थे

रायगढ़ जिले में एक युवक ने पत्नी की हत्या कर दी. उसने अपनी पत्नी को इसलिए मार दिया क्योंकि पत्नी ने उसे शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए. इसी बात को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने टंगिया उठाई और महिला पर कई वार किए. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है. लामडांड निवासी अलबन तिग्गा (42) गांव में ही अपनी पत्नी ग्रेस तिग्गा(40) के साथ रहता था. दोनों की एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है. बताया जा रहा है कि अलबन तिग्गा शराब का आदी है. वह हमेशा शराब पीकर ही घर आता था और विवाद करता था. इस बीच वह शुक्रवार शाम को भी शराब के नशे में घर पहुंचा था. ग्रेस, अलबन की ऐसी आदतों के कारण खुद भी काम करती है और घर का खर्च चलाती है.
नशे में अलबन घर पहुंचा और पहले तो पत्नी से बात की. फिर कहने लगा कि मुझे और पीना है. रुपए दे. लेकिन पत्नी ने मना कर दिया था. इसी बात पर आरोपी अलबन नाराज हो गया और उसने टंगिया से एक के बाद एक कई वार महिला पर किए. जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई थी. घटना के बाद वह उस रात घर में ही रहा. घटना के समय उसकी बेटी घर में नहीं थी. अगले दिन जब आस-पास के लोग मौके पर आए थे. तब लोगों को इस बात की जानकारी लगी. जिसके बाद पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में ही आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है. वहीं पुलिस ने रविवार को पूरे मामले का खुलासा किया है.
























