सरायपाली : बरतियाभांठा में हुआ डाकघर का शुभारंभ

बैंकिंग सुविधाओं के साथ ही साथ अब डाकघरों में वाहन इंश्योरेंस की सुविधा भी सरकार उपलब्ध कराने जा रही है। सरायपाली उप संभाग अंतर्गत ग्राम बरतियाभांठा में शाखा डाकघर के शुभारंभ अवसर पर ब्रांच पोस्ट मास्टर मोहन देवांगन ने यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरतियाभांठा के सरपंच हृदयानंद नायक द्वारा डाक विभाग के कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में फीता काटकर डाकघर का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान ब्रांच पोस्ट मास्टर मोहन देवांगन ने डाक विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में डाक विभाग की योजनाओं का लाभ लेने ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि अब सरकार द्वारा डाकघरों को बैंकिंग सुविधाओं से लैस कर रही है जिससे ग्रामीण इलाकों से लोगों को छोटी छोटी जरूरतों के लिए बैंक तक न आएं, बल्कि यह सुविधाएं उन्हें डाकघर के माध्यम से गांव में ही मिल सके।
इस दौरान डाक विभाग से मेल ओवरसियर मनीराम बंजारे, बरतियाभांठा डाकघर के प्रभारी बीपीएम जसकेतन पटेल, भंवरपुर एबीपीएम रामसिंह कंवर सहित ग्राम पंचायत बरतियाभांठा के सचिव मतंग पटेल, ग्रामीण कुबेर चरण नायक, सुनील दास, राजेश दास, करुणाकर उपाध्याय, सुरेश दास, जागेश्वर दास, उपेंद्र नायक, रमेश नायक सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे।
























