DEO के औचक निरीक्षण से खलबली , 23 सरकारी स्कूलों के दर्जनभर से ज्यादा शिक्षक अनुपस्थित

जिला शिक्षा विभाग दुर्ग का प्रभार संभालने के बाद डीईओ अभय जायसवाल ने बुधवार को अपनी तीन अन्य टीम के साथ जिले के अलग-अलग क्षेत्र में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। समय पर स्कूल खोलने और शिक्षकों की उपस्थिति को देखने वे स्वयं स्कूल पहुंचे। इस दौरान चार टीम ने कुल 23 स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें एक दर्जन से ज्यादा शिक्षक अनुपस्थित मिले। वही हनोदा के हाईस्कूल में प्राचार्य से लेकर स्टाफ सब गायब थे, और ननकट्टी का प्राथमिक स्कूल बंद पाया गया तो कई स्कूल में समय से पहले ही शिक्षक ताला लगाकर चले गए। मंगलवार को कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी स्कूल को खोले जाने के आदेश दिए थे। इसके बाद दूसरे दिन ही कई स्कूलों में लापरवाही सामने आई।दुर्ग डीईओ अभय जायसवाल की टीम में जे मनोहरण, बीईओ केवी राव ने 5 स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें प्राथमिक शाला न्यू खुर्सीपार में 3 शिक्षक बिना आवेदन के अनुपस्थित थे। वही प्राथमिक शाला सिरनाभाठा 1 बजकर 15 मिनट पर पूरी तरह बंद मिली। सहायक संचालक पुष्पा पुरुषोत्मन की टीम ने 9 स्कूलों का जायजा लिया। जहां माध्यमिक शाला बघेरा में 2 शिक्षक, प्राथमिक शाला धनोरा में 1, माध्यमिक शाला हनोदा में 2, प्राथमिक शाला हनोदा से 2 शिक्षक अनुपस्थित मिले। सहायक संचालकर बी रघु ने 6 स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माध्यमिक शाला ननकट्टी को बंद पाया। सहायक जिला क्रीडा अधिकारी एस तनवीर ने 6 स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें बोरसी हायर सेकंडरी स्कूल में एक शिक्षक निरीक्षण के दौरान ही स्कूल पहुंची।डीईओ जायसवाल ने बताया कि इन सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतुष्ट जवाब नहीं मिलने पर इन पर आगे कार्रवाई की जाएगी। स्कूल खुल गए हैं। इसलिए शिक्षकों की शत प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है। बाजवूद शिक्षक लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ सख्ती से एक्शन लिया जाएगा।




























