छात्रों ने घेर लिया यूनिवर्सिटी, शाम को आया फैसला, ऑनलाइन ही होगी परीक्षा

अटल बिहारी यूनिवर्सिटी में लॉ के स्टूडेंट्स की ऑफलाइन परीक्षा का विरोध करते हुए बुधवार को एनएसयूआई ने कोनी स्थित एबीयू कैंपस में जमकर हंगामा किया। धरना प्रदर्शन बुधवार दोपहर के वक्त हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लॉ स्टूडेंट्स भी शामिल थे। इस हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी की ओर से शाम को एक सूचना जारी की गई जिसमें विधि संकाय स्नातक और विधि संकाय स्नातकोत्तर की परीक्षा ऑनलाइन ब्लैंडेड मोड में करने का आदेश जारी किया गया।बुधवार को एनएसयूआई पदाधिकारियों और विधि संकाय के विद्यार्थियों ने अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि यूनवर्सिटी की लेटलतीफी के चलते छात्रों का एक सेमेस्टर पहले से लेट हो गया है। ऐसे में जल्दी परीक्षाएं लेने अगला सेमेस्टर शुरू करने की जरूरत है। एनएसयूआई के तनमीत छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश के दूसरे यूनिवर्सिटी रविशंकर और नंदकुमार पटेल यूनिवर्सिटी ने ऑनलाइन परीक्षाएं लेने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। ऑफलाइन परीक्षा की तैयारी में यूनिवर्सिटी लेट कर रहा है, जिसके कारण छात्रों का सेमेस्टर पिछड़ गया है।
एनएसयूआई के पदाधकारियों ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी के अधीन 6 लॉ कॉलेज संचालित हैं, जहां तकरीबन 2000 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। पिछले दो साल से कोरोना के चलते कॉलेजों में ठीक से क्लास नहीं नहीं हैं। इधर, यूनिवर्सिटी की लेट लतीफी और परीक्षा की तैयारी नहीं हो पाने के कारण उनका एक सेमेस्टर पिछड़ गया है। ऐसे में जल्दी परीक्षा कार्यक्रम जारी कर सेमेस्टर को शेड्यूल करने की आवश्यकता है। उन्होंने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर ऑफलाइन की बजाए ऑनलाइन परीक्षाएं लेने की मांग की।
घेराव करनेवालों में तनमीत छाबड़ा, लक्की मिश्रा, अभिलाष रजक , जितेंद्र सिंह, अमितेष शुक्ला, विकास तिवारी,नाज़िम हुसैन,सिद्धांत बत्रा,विवेक साहू समेत कड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता व विद्यार्थी शमिल थे।
विवि ने जारी की सूचना
वहीं देर शाम तक एबीयू प्रबंधन की ओर से इस मामले में आवश्यक सूचना जारी कर दी गई है। जिसमें लिखा गया है कि एबीयू के सभी विधिक महाविद्यालयों के छात्र छात्राओं को अवगत करवाया जाता है कि विधि संकाय स्नातक प्रथम, तृतीय, पंचम, सप्तम व नवम सेमेस्टर एवं विधिक संकाय स्नातकोत्तर तृतीय परीक्षा जनवरी, फरवरी 2022 का आयोजन मार्च के प्रथम सप्ताह में ऑनलाइन ब्लैंडेड मोड में कराया जाना प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए समय सारणी अलग से जारी किया जाएगा। छात्र वेबसाइट पर लगातार नजर रखें।
वर्सन
विवि के इस निर्णय का हम सभी छात्रगण स्वागत करते हैं। यह जीत एनएसयूआई समेत छात्रहित की है। छात्र हित में हमारी लड़ाई आगे भी हमेशा जारी रहेगी।
लक्की मिश्रा, प्रदेश सचिव, एनएसयूआई
























