2022 तक अंतरिक्ष में अब ले पायेंगे लग्जरी होटल का मजा,अंतरिक्ष पर्यटकों को 9.5 मिलियन डॉलर यानि लगभग 61.6 करोड़ रुपए खर्च करने होगा

नई दिल्ली: टाइम्स ब्यूरो /अंतरिक्ष से धरती के खूबसूरत नजारे लेने का मन हो तो आपको निराश नहीं होना पड़ेगा, आने वाले चार सालों में स्पेस टेक्नोलॉजी पर काम करने वाले अमेरिकी कंपनी ओरियन स्पैन दुनिया का पहला स्पेस लक्जरी होटल खोलेगी। अमरीका के कैलिफोर्निया के सैन जोस में स्पेस 2.0 समिट कार्यक्रम में बताया गया कि अंतरिक्ष में दुनिया के पहले लक्जरी होटल का निर्माण किया जायेगा और उसका नाम औरोरा स्टेशन रखा जायेगा। सूचना है कि यह होटल अमरीकी स्टार्टअप ओरियन स्पैन द्वारा तैयार किया जायेगा। इसमें 12 दिवसीय यात्रा पर पहुंचे अंतरिक्ष यात्रियों में दो क्रू मेंबर सहित छह लोग आराम से रूक सकेंगे।
बताया जा रहा है कि यह लग्जरी होटल साल 2022 तक बनकर तैयार हो जायेगा, लेकिन इस होटल में रहना सस्ता नहीं होगा।इसमें 12 दिन तक रूकने के लिए अंतरिक्ष पर्यटकों को 9.5 मिलियन डॉलर यानि लगभग 61.6 करोड़ रुपए खर्च करने होगा। वैसे होटल बनाने वाली स्टार्ट अप से जुड़े लोगों का कहना है कि उनका लक्ष्य सभी के लिए सुलभ जगह बनाना है, और अंतरिक्ष में औरोरा स्टेशन यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगा। यह होटल हर 90 मिनट में पृथ्वी की परिक्रमा करेगा, जिसका मतलब है कि मेहमानों को हर 24 घंटे में लगभग 16 सूर्योदय और सूर्यास्त दिखाई देंगे।


























