
पिथौरा(काकाखबरीलाल)। बाल विकास के तत्वावधान में ग्राम छिबर्रा में पोषण अभियान अंतर्गत महिला जागृति शिविर एवं पोषण मेला का आयोजन किया गया। इस पोषण मेला का शुभारंभ सरपंच मथुरा प्रसाद पटेल, पूर्व सरपंच अक्ति राम साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष गयाराम धीवर, शंकर रात्रे, श्याम सेन, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक संगीता साहू द्वारा दीप प्रज्वल्लित कर किया गया।
आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक श्रीमती संगीता साहू जी ने आम लोगो को कुपोषण से लड़ने एवं अभियान को सफल बनाने का मूल मंत्र दिया। हर घर में कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनको आवश्यक आहार, दवाई एवं देखभाल के बारे में बताते हुए कहा कि जिस तरह एक मकान बनाने के लिए छड़, रेत, ईट, एवं लोहे की महति आवश्यकता होती है उसके बिना मकान नही बन सकता है उसी तरह से एक बच्चे को गर्भ में पलने के लिए आयरन कैल्शियम की आवश्यकता होती है जो कि हमारे खान पान से पुरी हो सकती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी लगाकर आहार से मिलने वाले पोषक तत्व की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य विभाग के उप संयोजक श्रीमती उर्वशी उईके जी द्वारा गर्ववती महिलाओं का स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां दी गयी।
कार्यक्रम में मनोरंजन के दृष्टिकोण से विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें कुर्सी दौड़, गुब्बारा फुलाओ, मटका फोड़ आदि का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विजयी महिलाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर पिथौरा ब्लाक कांग्रेस कमेटी मिडिया प्रभारी श्याम सेन ने कहा कि आज बेटी व बेटे में कोई अंतर नहीं है। बेटों की ही तरह बेटियां भी हर क्षेत्र में काम कर रही है। उन्हें गर्व है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पूरी ईमानदारी से महिला सशक्तीकरण के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग सरकार की ओर से महिला व बच्चों के लिए शुरू किए गए कार्यक्रम व योजनाओं को पूरी तरह से जमीनी सतह पर लागू कर रहा है और इनमें सबसे ज्यादा योगदान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का है।
सरपंच मथुरा प्रसाद पटेल जी ने कहा कि आज पूरे विश्व में महिला दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आज महिला समाज में हर बदलाव लाने में सक्षम है। महिला चाहे तो समाज को एक नई दिशा दे सकती है।
पूर्व सरपंच अक्तीराम जी ने कहा कि सरकार ने बेटियों के लिए कई सारी योजनाएं शुरू की है और लोगों को इसका पूरा लाभ लेना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे विभाग की हर सरकारी योजना को लोगों तक पहुंचाएं।
इस दौरान गायत्री यादव, रामेश्वरी निर्मलकर, नंदिनी साहू आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक संगीता साहू, यशोदा निर्मलकर, निशा नंद, तोमबाई दीवान, विधुमुखी ठाकुर, नुरा ठाकुर, विमला बरिहा, लक्ष्मी पटेल, रामहिन नारंग, हेमलता सिन्हा, उर्वशी उईके, दशोदा निर्मलकर , ग्रामवासियों सहित विभागीय महिलाएं उपस्थित रहे।






















